अररिया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: तनिष्क लूटकांड का आरोपी चुनमुन झा घायल, 5 जवान भी जख्मी
बिहार के अररिया जिले में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के पास पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने लूटकांड के आरोपी चुनमुन झा को घेर लिया। खुद को घिरता देख चुनमुन और उसके साथी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की।सांकेतिक तस्वीर
इस मुठभेड़ में तनिष्क शोरूम लूटकांड का मुख्य आरोपी चुनमुन झा पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे पैर और सीने में तीन गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान चुनमुन का एक साथी गोली लगने के बावजूद भागने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार, चुनमुन झा आरा और पूर्णिया के तनिष्क लूटकांड का मास्टरमाइंड है और उस पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ में नरपतगंज थानेदार कुमार विकास और एसटीएफ के चार जवान भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
अररिया के एसपी अंजनी कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एसटीएफ की टीम लंबे समय से चुनमुन झा का पीछा कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी कर रही है।
घटनास्थल पर एएसपी रामपुकार सिंह ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच की जा रही
है।