नवादा में चैती छठ महापर्व का शुभारंभ, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया संकल्प
S BIHAR NEWS 12, नवादा: जिले भर में सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। मंगलवार की अहले सुबह छठ व्रतियों ने अपने घर-आंगन की साफ-सफाई की और स्नान कर व्रत का संकल्प लिया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के पहले दिन व्रतियों ने पवित्र स्नान के बाद भगवान सूर्य की आराधना की और घर में शुद्ध भोजन बनाकर ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं की आस्था और तैयारियां:छठ पूजा के नहाय-खाय के लिए जिलेभर में श्रद्धालुओं की भीड़ नदी, तालाब और जलाशयों पर उमड़ पड़ी। नगर के मिर्जापुर स्थित सूर्य मंदिर परिसर, शोभिया मंदिर तालाब, साहेबकोठी मंदिर स्थित कुंआ समेत अन्य जलाशयों में लोगों ने स्नान कर पूजा-अर्चना की। घरों में विशेष रूप से कद्दू की सब्जी, लाल साग, चना दाल और अरवा चावल का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे पूरे परिवार ने ग्रहण किया।
खरना पूजन की तैयारियां पूर्ण:
बुधवार को खरना पूजन के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। छठ व्रत की धार्मिक मान्यता के अनुसार, जो महिलाएं पूरे विधि-विधान से व्रत रखती हैं, उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। व्रती महिलाएं गेहूं सुखाकर पिसवाने की तैयारियों में लगी रहीं। बुधवार को सरोवरों में डुबकी लगाने के बाद महिलाएं घर लौटकर शुद्ध घी से चुपड़ी रोटी और गुड़-चावल की खीर बनाएंगी।
अर्घ्य के लिए घाटों पर तैयारी:
गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा और शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पण करने के बाद इस महापर्व का समापन होगा। छठ पूजा के लिए घाटों की सफाई और अन्य तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम व स्वयंसेवी संस्थाएं छठ घाटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी हुई हैं। प्रशासन भी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद नजर आ रहा है।
छठ महापर्व की भव्यता:
चैती छठ की भव्यता नवादा के घाटों और घरों में साफ दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं के मन में अद्भुत उत्साह है। पूरे जिले में छठ मइया के गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। इस पर्व के माध्यम से समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सौहार्द का संदेश भी दिया जा रहा है। छठ पूजा की परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था से नवादा जिला एक बार फिर भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।